दलाश पंचायत में आवारा पशुओं से बढ़ी किसान बागवानों की परेशानियां। संवाद
किसानों की फसलों और सेब के पौधों को पहुंचा रहे नुकसान
पशु छोड़ने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस में करेंगे शिकायत : सत्येंद्र शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)।
दलाश क्षेत्र में इन दिनों लोग लावारिस पशुओं से परेशान हैं। दलाश क्षेत्र में लावारिस पशुओं की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, जिससे किसानों- बागवानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लावारिस पशु क्षेत्र में किसानों-बागवानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। दलाश क्षेत्र में पशु लोगों के खेतों में जाकर फसलों को नष्ट कर रहे हैं और सेब के छोटे पौधों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे में सेब के पौधे सूख रहे हैं। ग्रामीण पूरण चंद, सेस राम, ज्ञान चंद और सुरेश ने कहा है कि हर साल सर्दियों के मौसम में क्षेत्र में लावारिस पशुओं की संख्या बढ़ जाती है, जिससे किसान बागवानों को हर साल नुकसान झेलना पड़ता है। इन पशुओं के कानों में टैग भी नहीं लगे हैं। दलाश पंचायत के सोईधार गांव के साथ गोशाला भी बनाई गई है, लेकिन उसमें एक भी पशु नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इन पशुओं को दलाश से गोशाला में छोड़ा जाए और उन लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, जिन्होंने इन्हें लावारिस छोड़ा है।दलाश पंचायत प्रधान सत्येंद्र शर्मा ने बताया कि पंचायत में जो गोशाला बनाई गई है, उसमें अभी पानी की व्यवस्था नहीं है। जल्द ही वहां पानी की उचित व्यवस्था की जाएगी। दलाश क्षेत्र में जो लावारिस पशु हैं, उन्हें लोग दूसरी जगह से लाकर यहां छोड़ रहे हैं। जो ये शरारती तत्व हैं, उनके खिलाफ आनी पुलिस थाना में शिकायत दर्ज की जाएगी। इन लावारिस पशुओं को यहां से ले जाने की जल्द व्यवस्था की जाएगी।