झाकड़ी पंचायत में नशा निवारण समिति की बैठक में चर्चा करते पुलिस अधिकारी और ग्रामीण। स्रोत : पंच
नशा निवारण समिति की बैठक में नशे के खात्मे को लेकर तैयार की रणनीति
. पंचायत में नशे के हॉटस्पॉट चिह्नित, पुलिस की गश्त बढ़ाई
. पंचायत घर में लगाई जाएगी गोपनीय शिकायत पेटी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। झाकड़ी पंचायत में नशा निवारण समिति की बैठक हुई। बैठक में पंचायत क्षेत्र को चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों से मुक्त बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई। इसके बाद संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर नशे के संभावित ठिकानों को चिह्नित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने नशामुक्त झाकड़ी, सुरक्षित झाकड़ी का नारा देते हुए अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में प्रशासन की ओर से नामित ड्यूटी अधिकारी एवं नायब तहसीलदार रामपुर सुरेश नेगी और झाकड़ी थाना प्रभारी सुनील दत्त विशेष रूप से मौजूद रहे। पंचायत उपप्रधान, वार्ड सदस्य, महिला मंडलों, युवक मंडलों, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं समेत स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया और नशे के खिलाफ संयुक्त रूप से कार्रवाई करने पर चर्चा की। बैठक में पंचायत के चार संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया गया। इनमें वोल्वो हाउस के नीचे राष्ट्रीय राजमार्ग पांच के पास, वन विभाग की नर्सरी के समीप, हवाघर वाटर टैंक के पास और ब्रौनी नाला के निकट स्थित क्षतिग्रस्त मकान शामिल हैं। इन स्थानों पर पुलिस की नियमित और अचानक गश्त बढ़ाने के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है। नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी जुटाने के लिए पंचायत घर में गोपनीय शिकायत पेटी लगाने का निर्णय लिया गया है। इसकी एक चाबी पंचायत और दूसरी पुलिस के पास रहेगी। इसके माध्यम से नशे की खरीद-फरोख्त या सेवन से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दी जा सकेगी। साथ ही युवाओं और जागरूक नागरिकों को जोड़कर सूचना तंत्र मजबूत करने पर भी जोर दिया गया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस और जिला प्रशासन तक पहुंचाई जा सके। पंचायत प्रधान विशाल मेहता ने कहा कि झाकड़ी पंचायत को नशामुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। पंचायत नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर काम कर रही है। उन्होंने पंचायतवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पंचायत या झाकड़ी पुलिस थाना को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन, पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयासों से ही युवाओं को नशे से बचाकर पंचायत को सुरक्षित बनाया जा सकता है।