ठेकेदार और जलशक्ति विभाग मिलकर मजदूरों का कर रहे शोषण : सीटू
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। एसटीपी प्लांट झाकड़ी में 8 सालों से कार्यरत मजदूरों को महीने की 17 तारीख होने पर भी नवंबर का वेतन नहीं मिलने पर एसटीपी कांट्रेक्ट वर्कर्स यूनियन झाकड़ी संबंधित सीटू के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को झाकड़ी में धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह, यूनियन अध्यक्ष सूरज और महासचिव सुरेश ने कहा महंगाई के दौर में न्यूनतम वेतन कम है और वो भी समय पर नहीं मिल रहा है, जबकि कानून के अनुसार मजदूरों को महीने की 7 तारीख से पहले वेतन मिलना चाहिए था । जलशक्ति विभाग और ठेकेदार के एसटीपी प्लांट में श्रम कानूनों की अवहेलना की जा रही है। मजदूरों को ईपीएफ ईएसआई का रिकॉर्ड नहीं दिया जा रहा है। मजदूरों को साप्ताहिक अवकाश के अलावा कोई छुट्टी नहीं मिल रही है। जलशक्ति विभाग की ओर से भी श्रम कानून को लागू करने के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है। मजदूर नेताओं ने चेताया है कि यदि मजदूरों को समय रहते वेतन नहीं मिलता है, तो यूनियन प्लांट का काम बंदकर अधिशासी अभियंता रामपुर का घेराव करेगी। इस रोष प्रदर्शन में बीर सिंह, देवदासी, प्रताप ठाकुर, कपूर सिंह, प्रीतम, अंकुश, सुशील नेगी, मेहता उपस्थित रहे।