कामगारों ने पकड़कर किया था बरोटीवाला पुलिस के हवाले
आरोपी को एसडीएम कोर्ट से मिली जमानत
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के लोअर बटेड़ में एक पैकेजिंग उद्योग में सोमवार देर रात को जमकर हंगामा हुआ। साथ लगते बुरांवाला गांव के एक युवक ने उद्योग पर पथराव कर दहशत फैला दी। आरोपी युवक न केवल उद्योग के शेड पर चढ़ गया, बल्कि वहां काम कर रहे ऑपरेटरों पर ईंट के टुकड़े भी फेंके। गनीमत रही कि इस हमले में ऑपरेटर बाल-बाल बच गए। बाद में कंपनी के सतर्क कामगारों ने आरोपी को दबोचकर पुलिस के हवाले किया। वहीं मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को एसडीएम की अदालत में पेश किया, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार लोअर बटेड़ स्थित इस पैकेजिंग उद्योग में पहले भी दो बार पथराव की घटनाएं हो चुकी थीं। सोमवार रात आरोपी विक्की कुमार ने फिर से पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थर मारने के बाद आरोपी पीछे के रास्ते से कंपनी के शेड पर चढ़ गया और वहां से ईंटें बरसाने लगा। इसके बाद वह गेट को धक्का देकर जबरन अंदर घुस आया और हाथ में डंडा लेकर कामगारों को धमकाने लगा। हंगामा बढ़ता देख कामगारों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और कंपनी के संचालक राजेंद्र राणा को सूचित किया। संचालक के मौके पर पहुंचने के बाद बरोटीवाला पुलिस को इसकी सूचना दी गई और आरोपी को पुलिस के सुपुर्द किया गया। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि हुड़दंग मचाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर एसडीएम की अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है।