गुठलीदार फलों को मिल रहे बेहतर दाम, बागवानों में बढ़ी सेब के अच्छे भाव की उम्मीद
भट्टाकुफर फल मंडी में 700 रुपये में बिकी ब्लैक एंबर प्लम की सिंगल लेयर पेटी
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई ( रोहड़ू ) । ऊपरी शिमला में इस वर्ष गुठलीदार फलों को बाजार में मिल रहे बेहतर दाम ने बागवानों के चेहरे खिला दिए हैं। प्लम, आड़ू और अन्य गुठलीदार फलों की अच्छी कीमतों से उत्साहित फल उत्पादकों को अब आगामी सेब सीजन से भी बेहतर आय की उम्मीद बंधी है। कोटखाई-गुम्मा क्षेत्र के बागड़ा निवासी राहुल चौहान (आरबीओ बागड़ा) की उत्कृष्ट गुणवत्ता वाली ब्लैक एम्बर प्लम की सिंगल लेयर पेटी शिमला की भट्टाकुफर फल मंडी में 700 रुपये में बिकी। बागवानों का कहना है कि यह बेहतर बागवानी प्रबंधन, समय पर देखरेख और उच्च गुणवत्ता वाले फल उत्पादन का परिणाम है। फल उत्पादकों का कहना है कि जब फल का आकार, रंग और गुणवत्ता बेहतर होती है, तो बाजार में उसका उचित मूल्य मिलता है। इस वर्ष गुठलीदार फलों की मांग और कीमत दोनों संतोषजनक रहने से क्षेत्र के बागवानों को आर्थिक राहत मिली है। गुठलीदार फलों के अच्छे भावों ने अब सेब उत्पादकों की उम्मीदों को भी नई ऊर्जा दी है। इस बार मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों, ओलावृष्टि और अन्य कारणों से कई क्षेत्रों में सेब उत्पादन में कमी आने की संभावना जताई जा रही है। बागवानों का मानना है कि यदि उत्पादन कम रहता है और बाजार में मांग बनी रहती है तो सेब के दाम बेहतर रहने की पूरी संभावना है। बागवान जोगिन्द्र चौहान, राजेश चौहान, प्रेम कुमार, राविन्द्र डोगरा और जय किशन का कहना है कि कम पैदावार के बावजूद यदि बाजार भाव अच्छे रहे, तो किसानों को उत्पादन में हुई कमी की भरपाई करने में मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मौसम अनुकूल रहने पर इस वर्ष का सेब सीजन बागवानों के लिए लाभदायक साबित हो सकता है। फल मंडियों से मिल रहे सकारात्मक संकेतों के बीच क्षेत्र के बागवान अब सेब सीजन की शुरुआत का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि गुठलीदार फलों की तरह सेब को भी इस वर्ष बेहतर बाजार मूल्य मिलेगा।