रोहड़ू ।
लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय सरस्वतीनगर ने राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला सरस्वतीनगर में विद्यार्थियों को स्टेशनरी और खेल सामग्री वितरित की। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पूनम मेहता के मार्गदर्शन और आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित किया गया। महाविद्यालय ने पिछले वर्ष प्राथमिक पाठशाला को गोद लिया था। इसी पहल के तहत हर वर्ष बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें विभिन्न प्रकार की सामग्री उपलब्ध करवाई जाती है। इस वर्ष बच्चों को स्टेशनरी के साथ खेल सामग्री भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यार्थियों ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में जाकर बच्चों से संवाद किया और उन्हें पढ़ाई के साथ अनुशासन, स्वच्छता तथा खेलकूद के प्रति जागरूक किया। प्राचार्य डॉ. पूनम मेहता ने इस पहल की सराहना की।