संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू) । प्रदेश सरकार की ओर से पेंशनरों को 9 तारीख को पेंशन जारी करने का प्रदेश पेंशनर्स कल्याण एसोसिएशन ने कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के साथ लगातार भेदभाव कर रही है। पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रदेश संयुक्त सचिव रविंद्र चंदेल ने कहा कि राज्य के लाखों पेंशनधारक सरकार से पूरी तरह नाराज हैं। वर्तमान सरकार को बनाने में कर्मचारियों का सबसे अहम योगदान रहा है। सरकार का करीब दो साल का समय पूरा होने जा रहा है, लेकिन आश्वासनों के अतिरिक्त कोई भी वित्तीय लाभ प्रदेश के पेंशनरों को नहीं दिए गए हैं। रविंद्र चंदेल ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि पेंशनरों की अनदेखी न करे। पेंशनधारकों को पेंशन हर महीने सरकारी कर्मचारियों की भांति एक तारीख को दी जाए। उन्होंने मांग की है कि वर्ष 2016 से संशोधित वेतनमान की लंबित बकाया राशि और लंबित चिकित्सा बिल का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।