राज्य स्तरीय रोहडू मेले की तैयारियों की जानकारी देते एसडीएम रोहडू विजय वर्धन
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले के लिए अस्थायी दुकानों की नीलामी के लिए बोली 16 अप्रैल को रखी गई है। इस नीलामी की बाेली में लोग सामूहिक तौर पर भाग ले सकते हैं।अधिकतम बोली देने वाले को 19 अप्रैल तक पूरी राशि मेला कमेटी के खाते में जमा करवानी होगी। राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले का आयोजन 20 अप्रैल से किया जाएगा। 22 अप्रैल को मेले का आधिकारिक तौर पर समापन होगा। मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम रोहड़ू विजय वर्धन सारस्वत ने मेले के आयोजन को लेकर बताया कि इस बार रोहड़ू मेले में आदर्श चुनाव संहित का विशेष ध्यान रखा गया है। मेले स्टाल की नीलामी का न्यूनतम मूल्य 35 लाख रुपये रखा गया है। इसके अलावा लाइव प्रसारण करने की नीलामी का न्यूनतम मूल्य दो लाख और चिड़गांव सड़क के साथ वाहन की पार्किंग की नीलामी का न्यूनतम मूल्य साढ़े तीन लाख रुपये रखा गया है। उन्होंने कहा कि नीलामी के लिए बोलीदाता 15 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। तय शर्तों के आधार पर नीलामी की प्रक्रिया उपसमिति के समक्ष एसडीएम कार्यालय में 16 अप्रैल को सुबह कार्यालय समय में रखी गई है। बोली पूरी होने के बाद अधिकतम बोली की तय कुछ राशि बोली पूरी होने के बाद तुरंत जमा करवानी होगी और बाकी देय राशि को अधिकतम बोलीदाता को 19 नवंबर तक पूरा जमा करवाना होगा। उन्होंने कहा कि इस बार मेले में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के लिए ऑडिशन पूर्व की तर्ज पर उप समिति करेगी। चयनित कलाकारों को आदर्श आचार संहित के कारण धन की कमी आढ़े आने से मेहनताना के स्थान पर पहले से तय केवल सम्मान राशि का ही भुगतान किया जाएगा। मेले में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन रामलीला मैदान में ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोहड़ू बाजार में पूर्व से नीलाम पार्किंग को पंद्रह दिन के लिए रद्द किया गया है। इस दौरान पार्किंग के स्थान पर दुकानें लगेंगी। उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव आचार संहित के कारण किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधियां मेले में आयोजित नहीं होंगी। शिकड़ू देवता मंदिर कमेटी, प्रशासन और मेला कमेटी पूरे मेले की तैयारियों में लगातार कई दिनों से जुटी है। -संवाद