आनी (कुल्लू)। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुंगश के होनहार छात्र हैपेंद्र कुमार ने राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेकर विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह परेड शिमला के ऐतिहासिक माल रोड पर आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशभर से चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लिया। हैपेंद्र कुमार कुंगश विद्यालय में 12वीं कक्षा का छात्र है और बागी गांव का निवासी है। बेटे की उपलब्धि पर पिता शिवराम और माता चिंता देवी ने खुशी प्रकट की है। राज्य स्तरीय परेड में भाग लेने के बाद छात्र का विद्यालय पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने पुष्पगुच्छ देकर छात्र का अभिनंदन किया और उसकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। इस सफलता में विद्यालय के एनएसएस प्रभारी प्राध्यापक डालमिया ठाकुर और महिला प्रभारी बिपा वर्मा का विशेष योगदान रहा। बिपा वर्मा गणतंत्र दिवस की परेड में मास्टर ट्रेनर के रूप में उपस्थित रहीं और प्रशिक्षण के दौरान छात्र का मार्गदर्शन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवोध ठाकुर ने छात्र, एनएसएस प्रभारी और समस्त शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव की बात है।