काजा (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-स्पीति के स्पीति में राज्य स्तरीय लादरचा मेला 21 अगस्त से 23 अगस्त तक काजा में आयोजित किया जाएगा। कार्यकारी अतिरिक्त उपायुक्त स्पीति शिखा ने बुधवार को काज़ा में मेले के आयोजन को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया की मेले का शुभारंभ 21 अगस्त को शोभायात्रा के साथ किया जाएगा। शोभायात्रा पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ काजा गोंपा गोन्पा से लादरचा मेला मैदान तक निकाली जाएगी। इसमें स्थानीय स्कूलों के छात्र-छात्राएं, विभिन्न गोंपाओं से लामागण और चोमोगण, महिला मंडल व स्थानीय लोग पारंपरिक परिधानों में भाग लेंगे। मेले के दौरान तीनों दिन सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्थानीय कलाकारों को अवसर दिया जाएगा। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा। मेले के दौरान महिला मंडल, स्थानीय कलाकार व स्कूली बच्चे आकर्षक प्रस्तुति देंगे। मेले के दौरान किसान मेले का भी आयोजन किया जाएगा। मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाएं रखने और साफ-सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित बनाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई।