पदम छात्र स्कूल में पुरुष और महिला वर्ग की करवाई जाएंगी प्रतियोगिताएं
बुशहर कबड्डी संघ करवाएगा प्रतियोगिता, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी लेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
एक साल के अंतराल के बाद फिर से अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में कबड्डी के रोमांचक मुकाबले होंगे। बुशहर कबड्डी संघ रामपुर की ओर से पदम छात्र स्कूल में राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय और राज्य स्तर के खिलाड़ी भाग लेंगे। वहीं, अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में वॉलीबाल और बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं भी होंगी। बुशहर कबड्डी संघ वर्ष 2023 की तर्ज पर इस वर्ष भी पदम छात्र स्कूल में कबड्डी प्रतियोगिता करवा रहा है। इसमें 6 पुरुष और 6 महिलाओं की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न खेल छात्रावास, राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ खेलकूद गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है। बीते दिनों आयोजित अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की पहली बैठक में बुशहर कबड्डी संघ ने लवी मेले के दौरान कबड्डी प्रतियोगिता करवाने की बात कही। संघ 4 से 6 नवंबर तक इस प्रतियोगिता को करवाने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर उपायुक्त शिमला की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में अंतिम तिथि और रूपरेखा तैयार होगी। संघ के पदाधिकारी और सदस्य जल्द ही बैठक कर प्रतियोगिता के आयोजन के लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। बुशहर कबड्डी संघ रामपुर के महासचिव दलीप भलूनी और प्रवक्ता संजय नेगी ने बताया कि पदम छात्र स्कूल में इस साल भी राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जल्द ही संघ की बैठक कर प्रतियोगिता के आयोजन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। प्रतियोगिता के राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।