मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे ध्वजारोहण
उपायुक्त ने तैयारियों को लेकर विभागों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस 15 अप्रैल को रिकांगपिओ के पुलिस मैदान में आयोजित होगा। समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में बुधवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। पूर्वाह्न 11:00 बजे तिरंगा फहराएंगे। इसके बाद उपस्थित लोगों को अपना संबोधन देंगे। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिले के सभी विभाग इस समारोह के सफल आयोजन के लिए संयुक्त प्रयास करें। विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर उचित प्रबंधन करें। उन्होंने बताया कि हिमाचल दिवस पर विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से प्रदर्शनियां लगाई जाएंग। इनमें वर्तमान प्रदेश सरकार की उपलब्धियां और योजनाओं की जानकारी लोगों को प्रदान की जाएगी। इसके अलावा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवी संगठनों के लोगों को सम्मानित किया जाएगा।