रिकांगपिओ (किन्नौर)। पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर मंगलवार को जनजातीय विकास भवन में राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल कुमार खाची की अध्यक्षता में बैठक हुई। राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल कुमार खाची ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन वर्ष 2025-26 के लिए आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि पंचायती राज संस्थाओं के पुनर्गठन के बाद वार्डों के निर्धारण और आरक्षण का कार्य 30 जून तक समाप्त किया जाए। जिला प्रशासन को यह निर्देश भी दिए हैं कि जिन अभ्यर्थियों को चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित किया है, उनकी सूची प्रत्येक रिटर्निंग अभिकारी, सहायक रिटर्निंग अभिकारी को उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही आम जनता को अवगत करवाया जाए कि जब भी आयोग की मतदाता सूचियां का प्रारूप प्रकाशित किया जाए, तो संबंधित वार्ड में अपने और अपने परिवार के नाम की अवश्य जांच करें। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार महाजन ने बैठक में निर्वाचन से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा, उपमंडलाधिकारी कल्पा डॉ. मेजर शशांक गुप्ता, एसडीएम निचार नारायण सिंह चौहान, जिला पंचायत अधिकारी संजय ठाकुर, बीडीओ कल्पा प्यारे लाल नेगी, तहसीलदार कल्पा अभिषेक बरवाल, तहसीलदार सांगला हरदयाल सिंह, नायब तहसीलदार, पंचायत निरीक्षक, उप निरीक्षक सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद