‘वोकल फॉर लोकल’ थीम पर होगा आयोजन, स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)। नेरवा के एनपीएस ग्राउंड में 26 अक्तूबर को ‘वोकल फॉर लोकल’ थीम पर भव्य सांस्कृतिक संध्या (स्टार नाइट) का आयोजन किया जाएगा। ‘प्रयास: न्यू बिगिनिंग’ शृंखला के तहत होने वाले कार्यक्रम में पहाड़ी लोक संस्कृति और संगीत की झलक देखने को मिलेगी। साथ ही स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सुरेश रंजन ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और पहाड़ी लोक संस्कृति एवं संगीत को बढ़ावा देना है। स्टार नाइट में प्रसिद्ध पहाड़ी गायक काकू चौहान, राजेश त्यागी, भागमल रांटा, मुकेश सामटा और गायिका कनिका दस्ता अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। कार्यक्रम का मंच संचालन विजय मोदका और रोहन केष्टा करेंगे। कार्यक्रम के तहत आयोजित ‘वॉयस ऑफ नेरवा’ में भी स्थानीय गायक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसमें बीरबल शर्मा, पंकज झगटा, अनिकेत पोटन, बबलू रापटा, अनिल रांटा, अर्णव सामरा, मनोज ब्रागटा, रोहन हेजटा, रोहित तोमर, पुनीत डोगटा और दीक्षित तालटा प्रस्तुति देंगे। संगीत की जिम्मेदारी रुद्रा बैंड संभालेगा, जबकि ध्वनि व्यवस्था देहरादून की प्लैटिनम साउंड की ओर से की जाएगी। आयोजक ने बताया कि एकल गायन, एकल नृत्य सहित अन्य विधाओं में प्रस्तुति देने के इच्छुक स्थानीय कलाकार 24 अक्तूबर की शाम से पहले आयोजक मंडल से संपर्क कर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।