समापन पर पहुंचे मंत्री विक्रमादित्य सिंह, नरेशर लक्ष्मी नारायण मंदिर में नवाया शीश
विज्ञापन
श्रीमद्भागवत के जरिए क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर।
भड़ावली पंचायत के आराध्य देवता साहिब नरेशर लक्ष्मी नारायण मंदिर कुमसू में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का वीरवार को पूर्णाहुति के साथ विधिवत समापन हो गया। समापन पर लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह पहुंचे। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। कथा के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर पहुंचने पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष जीवन चौहान, भड़ावली पंचायत के प्रधान कृष्ण गोपाल सहित अन्य लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने लोक निर्माण मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद विक्रमादित्य सिंह ने मंदिर में शीश नवाकर आराध्य देवता साहिब नरेशर लक्ष्मी नारायण का आशीर्वाद लिया। उन्होंने धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के तहत विधिवत पूजा-अर्चना और हवन किया गया। सात दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में कथा व्यास भागवत भूषण महेंद्र मोहन शर्मा ने श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करवाया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं, उनके आदर्शों, भक्ति, धर्म और कर्म के महत्व का वर्णन कर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया। कथा के दौरान भगवान की लीलाओं और प्रसंगों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर होते रहे। वीरवार को पूर्णाहुति के साथ कथा का समापन होने पर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक गतिविधियों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर आयोजित भंडारे में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन के सफल समापन पर मंदिर कमेटी और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
कुमसू मंदिर पहुंचे मंत्री विक्रमादित्य सिंह। संवाद
कुमसू मंदिर पहुंचे मंत्री विक्रमादित्य सिंह। संवाद