कुमसू मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में भजन कीर्तन पर झूमती महिलाएं और अन्य। संवाद
कुमसू मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा में उमड़ा आस्था का सैलाब
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। भड़ावली पंचायत के आराध्य देवता साहिब नरेशर लक्ष्मी नारायण मंदिर कुमसू में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा से क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना हुआ है। कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। बुधवार को आचार्य भागवत भूषण महेंद्र मोहन शर्मा ने भगवान विष्णु के अवतारों और श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। इस दौरान मंदिर परिसर में हवन का भी आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में संगीत शिक्षक ईशान शर्मा, जितेंद्र शर्मा, पंडित इंद्रदेव शर्मा, राजेश्वर शर्मा और खेमराज शर्मा भी आचार्य का सहयोग कर रहे हैं। मंदिर कमेटी अध्यक्ष जीवन चौहान ने बताया कि आराध्य देवता साहिब नरेशर लक्ष्मी नारायण के सानिध्य में चल रहा धार्मिक अनुष्ठान वीरवार दोपहर पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। उन्होंने आयोजन में ग्रामवासियों की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर में प्रतिदिन भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जा रहा है। इसमें स्थानीय सहित अन्य क्षेत्रों से पहुंचे कलाकार भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दे रहे हैं। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूम रहे हैं। विशेषकर महिलाएं भजन-कीर्तन में उत्साहपूर्वक भाग लेकर भक्तिमय माहौल को और भी आनंदमय बना रही हैं।