. ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा हुनर दिखाने का मौका
. विजेता और उपविजेता टीमों को मिलेगी नकद राशि और ट्रॉफी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
शिवालिक युवक मंडल बटाली की ओर से ग्रामीण स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 26 अक्तूबर तक बटाली मैदान में किया जाएगा। युवक मंडल की ओर से लगातार पांचवीं बार आयोजित की जा रही इस प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, मैराथन, लोकनृत्य और महिला रस्साकशी सहित विभिन्न गतिविधियां होंगी। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर अध्यक्ष कुशाल पाल भारद्वाज की अध्यक्षता में बैठक हुई और आगामी रूपरेखा तैयार की। प्रतियोगिता का शुभारंभ 21 अक्तूबर को गोपालपुर पंचायत की प्रधान उषा नेगी और पंचायत कार्यकारिणी की ओर से किया जाएगा। प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ युवाओं और महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया जाएगा। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में किन्नौर, आनी, निरमंड, करसोग, कुमारसैन, ननखड़ी और रामपुर बुशहर की टीमें भाग ले सकेंगी। विजेता टीम को 25 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 12 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को 1,100 रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान दिन और रात में मैच खेले जाएंगे। मैराथन प्रतियोगिता में 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के महिला और पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। पुरुषों के लिए 10 किलोमीटर और महिलाओं के लिए पांच किलोमीटर की दौड़ निर्धारित की गई है। लोकनृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल को 11 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि द्वितीय स्थान पर रहने वाले दल को पांच हजार रुपये और ट्रॉफी दी जाएगी। महिला रस्साकशी प्रतियोगिता की विजेता टीम को आठ हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को चार हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इस मौके पर उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, सचिव सुरेंद्र चौहान, कोषाध्यक्ष सुशील शर्मा, मुख्य सलाहकार दिनेश शर्मा और सलाहकार दीवान चौहान सहित अन्य मौजूद रहे।