रामपुर कन्या स्कूल में आयोजित अंडर 19 छात्रा जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में नाटी पेश करती छ
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या स्कूल रामपुर में आयोजित छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय अंडर-19 सांस्कृतिक प्रतियोगिता का खिताब मेजबान टीम के नाम रहा। कन्या स्कूल रामपुर की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शानदार प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोहा। प्रतियोगिता के समापन समारोह में प्रदेश योजना आयोग के सदस्य प्रेम सिंह द्रैक बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। स्कूल प्राचार्य एवं प्रबंध सचिव रतन गुप्ता ने मुख्यातिथि को टोपी और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के अलावा स्कूल में आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। इससे मानव जीवन का सर्वांगीण विकास होता है। इस दो दिवसीय जिला स्तरीय स्पर्धा में 14 ब्लॉकों से पहुंची 400 छात्राओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इस दौरान फोक एवं शास्त्रीय संगीत पर एकल गान प्रतियोगिता, समूहगान, एकांकी, भाषण, वाद्य एवं वादन और लोकनृत्य स्पर्धाएं करवाई गईं, जिसमें छात्राओं ने शानदार प्रस्तुतियां देकर धमाल मचाया। भाषण स्पर्धा में कुमारसैन ब्लॉक ने पहले स्थान पर बाजी मारी। जुब्बल खंड ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। शास्त्रीय संगीत में कन्या स्कूल रामपुर ने पहला और ठियोग खंड की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सैंज ने दूसरा स्थान झटका। सुगम संगीत में ठियोग खंड प्रथम और कन्या स्कूल रामपुर द्वितीय स्थान पर रहा। समूह गान में रामपुर स्कूल की छात्राएं प्रथम और रोहड़ू द्वितीय रहा। एकांकी में ठियोग खंड प्रथम और रोहडू दूसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा वाद्य वादन प्रतियोगिता में रामपुर ने पहला और रोहडू ने दूसरा स्थान झटका। लोकनृत्य में ठियोग खंड के मोहारी स्कूल की छात्राएं पहले स्थान पर रहीं, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ठियोग दूसरे स्थान पर रहा। कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथि ने सभी विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस मौके पर जिला क्रीड़ा संघ के सहायक उपनिदेशक सोहन सिंह, संघ के जिला प्रधान हरि शर्मा, खेल प्रभारी संजय पांटा, सुषमा मखैक, लोकपाल चौहान, शमशेर चौहान, प्रीतम ठाकुर, पीपी दुल्टा, दलीप सोनी, पुष्पलता, नरेंद्र शर्मा, जोगिंद्र सिंह, वीना शर्मा, सुभाष रांझा, नीना शर्मा और संजय नेगी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।