ननखड़ी
(रामपुर बुशहर)।
ननखड़ी तहसील के छात्र-छात्रा वर्ग की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देलठ में हुआ। प्रतियोगिता में ननखड़ी ब्लॉक के 18 स्कूलों के 359 छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 6 से 9 सितंबर तक किया जा रहा है। देलठ स्कूल में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में देलठ पंचायत प्रधान उमादत्त शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट में भाग लिया। मार्च पास्ट में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देलठ ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मझोली टिप्पर दूसरे स्थान पर रही। स्कूल के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों का जीवन में विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल-खेलो, नशा छोड़ो का संदेश देते हुए कहा कि नियमित रूप से खेलों में भाग लेने से बच्चों का शरीर स्वस्थ और हृष्ट-पुष्ट रहता है। इस मौके पर देलठ पंचायत उपप्रधान कैलाश शर्मा, बीडीसी सदस्य दौलत राम डोगरा, खेल प्रभारी सुरेंद्र श्याम, उप प्रधानाचार्य फतेह सिंह नेगी, एसएमसी प्रधान नरेश गौतम, एसएमसी उपप्रधान रचना राणा, रणवीर मेहता, मनोज कपूर और बिंद्रा देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।