सोच साहित्यिक सोसायटी ने कार्यक्रम का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर सोच साहित्यिक सोसायटी ने रामपुर कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन किया। प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया और प्राध्यापकों ने ग्रीन रिबन लगाकर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। सोसायटी अध्यक्ष पूजा ने कहा कि आज के समय में हर व्यक्ति किसी न किसी प्रकार की मुसीबत या मानसिक दबाव से गुजर रहा है, जो उन्हें अंदर ही अंदर प्रभावित कर रहा है। उन्होंने आत्महत्या जैसी गंभीर समस्या का उल्लेख किया, जो अकसर मानसिक दबाव के कारण उत्पन्न होती है। उपाध्यक्ष खुशी ने कहा कि मुसीबत में फंसे व्यक्ति को अपनी समस्याओं के बारे में खुलकर बात करनी चाहिए। इससे न केवल मानसिक दबाव कम होता है, बल्कि समस्या का समाधान निकालने में भी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि बात करने से व्यक्ति को अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का अवसर मिलता है और वह अकेला महसूस नहीं करता है। इस मौके पर हनी, निशांत, रजत, स्नेहा, प्रेरणा, गगनदीप, प्राची और आंचल सहित अन्य मौजूद रहे।