चौपाल में रात के अंधेरे में बिजली बहाल करने जुटे कर्मचारी। संवाद
चौपाल उपमंडल में फिर हिमपात शुरू, कई गांव में अभी बहाल नहीं हुई बिजली
. निगम के 43 रूटों पर बसें नहीं चलीं,9 बसें फंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा(रोहड़ू)। चौपाल उपमंडल में मंगलवार दोपहर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर बर्फबारी शुरू हो गई, जबकि कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। चौपाल उपमंडल के अधिकांश गांवों में पांचवें दिन भी बिजली नहीं है। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी और मजदूर रास्ता खोलने में जुटे हुए हैं। अधिकांश संपर्क मार्ग बंद पड़े हैं। उपमंडलीय मुख्यालय चौपाल और नेरवा तक तो विद्युत आपूर्ति बीती शाम चालू कर दी गई, जबकि अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी बिजली ठप है। अधिकांश लोगों के मोबाइल और इनवर्टर भी जवाब दे गए हैं। मोबाइल बंद हो जाने के कारण लोग एक-दूसरे से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। जल शक्ति मंडल नेरवा के अधिशासी अभियंता रजनीश वर्मा ने बताया है कि नेरवा, उपमंडलीय मुख्यालय चौपाल और उपमंडलीय मुख्यालय कुपवी के लिए पेयजल आपूर्ति पहले ही चालू कर दी कर दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों की अधिकांश पेयजल योजनाएं सोमवार और मंगलवार को चालू कर दी गई हैं। शेष को चालू करने के लिए विभाग के कर्मचारी जुटे हुए हैं। नेरवा के बस अड्डा के प्रभारी रोशन गजटा ने बताया कि मंगलवार से नेरवा से शिमला, हरिद्वार, पांवटा साहिब वाया विकास नगर, नेरवा से जुब्बल और नेरवा-रास्त रूटों पर बसें भेजी गई हैं। उन्होंने बताया कि शिमला से नेरवा कोई बस नहीं आ पाई हैं। निगम के 43 रूटों पर बसें नहीं चल पाईं हैं, जबकि 9 बसें अभी भी विभिन्न स्थानों पर फंसी हुई हैं। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुनील शर्मा ने बताया है कि दोपहर बाद बर्फबारी होने के कारण चौपाल-शिमला मुख्य मार्ग फिर बंद हो गया है। अधिकांश संपर्क मार्ग खोल दिए गए हैं। चौपाल और कुपवी उपमंडलों में विभाग की 24 मशीनें रास्ता खोलने में लगी हुई हैं।