मौसम के फिर बिगड़े मिजाज से ठंड का बढ़ा प्रकोप
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। ऊपरी हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, वहीं निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है। बुधवार शाम को मौसम ने फिर करवट बदली। बीते दिन हुई बर्फबारी के बाद से क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। 12/20 क्षेत्र के श्राईकोटी माता मंदिर में भी हिमपात हो रहा है। ऊपरी शिमला, किन्नौर और कुल्लू जिले के आउटर सिराज क्षेत्र में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे, वहीं शाम से मौसम बिगड़ गया। किन्नौर जिले के छितकुल, किन्नौर कैलाश की चोटियों, रामपुर के 12/20, 15/20, सराहन की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। निरमंड की श्रीखंड की पहाड़ियों और आनी के जलोड़ी जोत सहित अधिकांश ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात हुआ। निचले क्षेत्रों में बारिश शुरू हुई। बर्फबारी के कारण तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। पारा लुढ़कने से शीतलहर सक्रिय हो गई है। समूचा क्षेत्र ठंड की चपेट में आ गया है। हालांकि, बर्फबारी से अभी तक किसी भी रूट के प्रभावित होने की सूचना नहीं है। बुधवार को लंबे और ग्रामीण रूटों पर निगम की बसों की बराबर आवाजाही रही। मौसम विभाग ने अब 21 मार्च तक बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।