बड़े वाहनों की आवाजाही ठप
संवाद न्यूज एजेंसी
पूह (किन्नौर)।
किन्नाैर जिले के रिब्बा गांव के पास रालढंग खड्ड में आई बाढ़ से स्कीबा के पास बाधित एनएच-5 छोटे वाहनों के लिए बहाल हो गया है। चार दिन से एनएच बंद था। हालांकि, बड़े वाहनों की आवाजाही ठप है। आपातकालीन बड़े वाहनों को प्रशासन और बीआरओ की ओर से अवाजाही सुनिश्चित करवाई जा रही है। बहाली कार्य में जुटी बीआरओ, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमों ने वीरवार रात को हजारों टन मलबा और विशालकाय चट्टानों को हटा दिया है। करीब 36 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बीआरओ की टीम ने छोटे वाहनों के लिए मार्ग बहाल किया। राजस्व बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी स्वयं मौके पर डटे रहे और टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। छोटे वाहनों की आवाजाही होने से हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है। अब जिला मुख्यालय रिकांगपिओ और पूह, काजा स्पीति की ओर छोटे वाहन दौड़ने शुरू हो गए हैं। उधर, सीमा सड़क संगठन के ओसी पोवारी प्रदीप कुमार का कहना है कि छोटे वाहनों के लिए एनएच पांच बहाल कर दिया गया है। जल्द ही बड़े वाहनों की आवाजाही भी शुरू होगी।