ज्यूरी-गानवी सड़क पेरी नाले में बार-बार भूस्खलन के कारण बंद हो रही
विभाग सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनों के साथ जुटा
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सराहन उपमंडल में कुल 18 सड़कों में से छह सड़कें सोमवार से बस और बड़े वाहनों के लिए बंद हैं। इनमें से तीन सड़कें पूरी तरह से ठप पड़ी हैं, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। 15/20 क्षेत्र की छह पंचायतों को जोड़ने वाली ज्यूरी-गानवी सड़क पेरी नाले में बार-बार भूस्खलन के कारण बंद हो रही है। इस सड़क के तीन दिन से बंद होने के कारण क्षेत्र में बस सेवा पूरी तरह ठप है। लोक निर्माण विभाग सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनों के साथ जुटा हुआ है। बुधवार शाम को विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, क्याव-कूट-किन्फी सड़क, मंगलड़ से रुन्पू सड़क और बाजवा सड़क पूरी तरह से बंद हैं। वहीं, ज्यूरी-गानवी सड़क को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। गानवी-लबाना-सदाना सड़क और जगोरी सड़क भी छोटे वाहनों के लिए खुली हैं। ज्यूरी-गानवी सड़क के बंद होने से आगे की सड़कें खुली होने पर भी ग्रामीणों को बस सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। लोक निर्माण विभाग सराहन उपमंडल के उपमंडल अधिकारी राहुल जंजीहा ने बताया कि लगातार भारी बारिश के कारण तीन सड़कें पूरी तरह बंद हैं, जबकि तीन सड़कें छोटे वाहनों के लिए बहाल कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि 15/20 क्षेत्र को जोड़ने वाली ज्यूरी-गानवी सड़क भूस्खलन के कारण बार-बार बंद हो रही है। सड़क में आई बड़ी-बड़ी चट्टानों को हटाने के लिए विभाग की मशीनें लगी हुई हैं। बुधवार शाम को इसे छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है और बाकी सभी सड़कों को वीरवार तक खोल दिया जाएगा।