बीस दिन बाद भी हजारों ग्रामीण झेल रहे परेशानी
आधे रास्तों तक ही जा रहीं परिवहन निगम की बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी उपमंडल में बारिश से क्षतिग्रस्त हुईं सड़कों की हालत बीस दिन बाद भी सामान्य नहीं हो पाई है। क्षेत्र की करीब छह सड़कों पर अभी भी यातायात पूरी तरह बहाल नहीं हो पाया है। इससे हजारों ग्रामीणों को आवाजाही करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन सड़कों पर केवल आधे रास्ते तक ही बस सेवाएं चल रही हैं, जबकि बाकी रास्ता लोगों को पैदल तय करना पड़ रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को जरूरत का सामान और अन्य वस्तुओं को ले जाना काफी मुश्किल हो रहा है। लंबा समय बीतने के बाद भी सड़कें बहाल न होने से ग्रामीणों में लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है। कई जगह भारी बारिश के कारण डंगे और सुरक्षा दीवारें टूट चुकी हैं। भारी बारिश से आनी-चवाई वाया गुगरा सड़क गुगरा के पास से पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है। इसके अलावा दलाश वाया टोगी सड़क बारिश से क्षतिग्रस्त हुई है, जो अब तक बहाल नहीं हो पाई है। पनेउ रूट की बसें डगान नाला तक ही पहुंच रही हैं। रूहाचड़ा बस सेवा फिलहाल कारशाला बाग तक, बालू बस ब्यासा मोड़ तक और जाओ रूट की बस खाईधार तक ही पहुंच रही है। वहीं शिगान सड़क भी पूरी तरह बंद है। यातायात के लिए सड़कें अवरुद्ध होने से हजारों ग्रामीण आवाजाही करने में दिक्कतें झेल रहे हैं। वहीं, अब क्षेत्र में सेब सीजन भी शुरू होने वाला है। ऐसे में बागवानों को अपनी फसल मंडी पहुंचाने में परेशानी झेलनी पड़ेगी। उधर, परिवहन निगम के अड्डा प्रभारी आनी संदीप कुमार ने बताया कि जहां तक सड़कें बहाल हैं, वहां तक ही बसें भेजी जा रही हैं। विभाग की ओर से सड़कों की बहाली का कार्य किया जा रहा है, लेकिन लगातार हो रही बारिश से मरम्मत कार्यों में बाधा आ रही है।