पशु मित्र भर्ती की 9 जून को होगी दूसरे चरण की काउंसलिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडलीय पशु चिकित्सालय ठियोग में पशु मित्रों के छह पद भरे जाएंगे। दूसरे चरण की काउंसलिंग की तिथि घोषित कर दी है। विभाग ने जारी बयान में कहा कि प्रथम चरण की शारीरिक दक्षता परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच पूरी कर ली गई है। विभाग के अनुसार प्रत्येक पद के लिए मेरिट के आधार पर पांच-पांच अभ्यर्थियों का पैनल तैयार किया है। चयनित अभ्यर्थियों की द्वितीय चरण की काउंसलिंग 9 जून सुबह 10:00 बजे उपमंडल अधिकारी (नागरिक) ठियोग कार्यालय में आयोजित की जाएगी। विभाग ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि काउंसलिंग के समय अपने सभी मूल प्रमाणपत्र साथ लाएं। इनमें शैक्षणिक योग्यता, हिमाचली बोनाफाइड, श्रेणी एवं उप-श्रेणी प्रमाण पत्र और चरित्र प्रमाणपत्र शामिल हैं। आवेदन के समय जमा किए गए प्रमाणपत्रों की प्रतियों का सत्यापन भी किया जाएगा। काउंसलिंग संबंधी सूचना प्रेस विज्ञप्ति, कॉल लेटर, टेलीफोन और व्हाट्सऐप संदेश के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों तक पहुंचाई जा रही है। निर्धारित तिथि और समय पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी निरस्त मानी जाएगी। काउंसलिंग में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी उपमंडलीय पशु चिकित्सालय ठियोग से संपर्क कर सकते हैं।