नाहन कॉलेज में स्वास्थ्य विभाग ने एड्स पर किया जागरुक शिविर में स्वास्थ्य शिक्षिका कृष्णा ने विस्तार से दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के धगेड़ा खंड की ओर से पीजी कॉलेज नाहन में शुक्रवार को एड्स जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रेड रिबन क्लब की प्रभारी डॉ. रिचा शर्मा ने एड्स के बारे में बच्चों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. प्रेमराज भारद्वाज ने की। इस मौके पर स्वास्थ्य शिक्षिका कृष्णा राठौड़ ने एचआईवी फैलने के कारण और बचाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एचआईवी किसी से हाथ मिलाने, मच्छर के काटने या प्रयोग में लाई गई वस्तुओं और एक साथ सोने से नहीं फैलता। एचआईवी एड्स से पीड़ित लोगों के साथ भेदभाव नहीं करना चाहिए, बल्कि उनके साथ सहानुभूति रखनी चाहिए। एचआईवी एक ऐसा वायरस है, जो मनुष्य के शरीर में चला जाए तो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को धीरे-धीरे कम कर देता है और एक समय बीमारियों का समूह उसे जकड़ लेता है, जिससे उसकी मृत्यु हो सकती है। ये लाइलाज बीमारी है, इसलिए इससे बचाव बहुत जरूरी है। एचआईवी संक्रमण केवल असुरक्षित यौन संबंधों, एचआईवी मरीजों द्वारा प्रयोग में लाई गई सुई या सिरिंज के दोबारा इस्तेमाल और संक्रमित खून के चढ़ाने और गर्भवती मां से उसके बच्चे को हो सकता है।