रोहड़ू। राजा वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय रोहड़ू में नवगठित समाजसेवी संस्था सीमानियंस हेल्पिंग हैंड्स फॉर स्टूडेंट्स ने मुख्यमंत्री राहत कोष में एक लाख की राशि प्रदान की। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ललिता रावत ने बताया कि यह पहल कॉलेज छात्र केंद्रीय संघ (सीएससीए), पूर्व छात्र संघ (ओएसए) और अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) के संयुक्त प्रयासों से शुरू की गई है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सहानुभूति, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि यह संस्था पूरी तरह से आत्मनिर्भर है। इसमें महाविद्यालय का प्रत्येक विद्यार्थी योगदानकर्ता हैं। संस्था अनाथ विद्यार्थियों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों, शहीदों के परिवारों और प्राकृतिक आपदाओं के समय राज्य सरकार को सहायता प्रदान करती है। समाज के प्रति इस सकारात्मक योगदान के लिए प्रत्येक छात्र को सामाजिक उत्थान में सहभागिता का ई-प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। चालू वर्ष में संस्था की ओर से लगभग 10 अनाथ एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया गया है।वर्तमान शैक्षणिक क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण पहल के तहत सीमानियंस हेल्पिंग हैंड्स फॉर स्टूडेंट्स की ओर से महाविद्यालय के 150 से अधिक विद्यार्थियों को पटवारी एवं जेओए (आईटी) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है। इसका पूरा व्यय संस्था स्वयं वहन कर रही है। भविष्य में विद्यार्थियों को न केवल शैक्षणिक बल्कि सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सहयोग प्रदान करेगी।