बागीपुल की शिवानी दे रही कठिनाइयों पर आस्था की जीत का संदेश
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। बागीपुल की शिवानी ने आस्था और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए सातवीं बार नंगे पैर श्रीखंड महादेव कैलाश की कठिन यात्रा पूरी की है। शिवानी महादेव की भक्त है। पिछले साल भारी आपदा में अपना घर गंवाने के बावजूद भी इस बार एक बार फिर नंगे पैर श्रीखंड की यात्रा पर निकल पड़ीं। 31 जुलाई, 2024 को श्रीखंड यात्रा मार्ग पर भीम डवारी में बादल फटने से बागीपुल बाजार का बड़ा हिस्सा बाढ़ की चपेट में आ गया था। इसमें शिवानी का घर भी तबाह हो गया था, लेकिन महादेव के प्रति उनकी आस्था इतनी गहरी है कि वह इस कठिन परिस्थिति में भी अपने संकल्प से पीछे नहीं हटीं। शिवानी ने 9 जुलाई को अपने साथियों के साथ यात्रा शुरू की और 32 किलोमीटर के कठिन मार्ग को नंगे पैर बर्फ, पत्थरों और बारिश के बीच पार किया। उन्होंने बताया कि इस बार मौसम ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन महादेव में अटूट विश्वास के चलते यात्रा सफल रही। शिवानी ने प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस बार ट्रैकिंग रस्सियों जैसी जरूरी व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे श्रद्धालुओं को कठिन मार्गों पर राहत मिली। उन्होंने बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को भी भरोसा दिलाया कि पूरी यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित है।
7वीं बार नंगे पैर श्री खंड महादेव कैलाश दर्शन कर लौटी शिवानी। स्त्रोत स्वंय