शिवरात्री के लिए सजाया जा रहा शिव मंदिर टोड़सा
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। रणसार घाटी के टोडसा गांव के प्राचीन शिव मंदिर में महाशिवरात्रि उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। शिव मंदिर प्रबंधक कमेटी टोडसा की ओर से 14 फरवरी से 16 फरवरी तक तीन दिन तक उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बनाने के लिए विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। इस तीन दिवसीय उत्सव में रणसार घाटी के प्रमुख देव परंपरा से जुड़े परशुराम देव, देवता महासू महाराज टोडसा, देवता खंटू महाराज देवीधार और देवता खंटू महाराज रनोल शिरकत करेंगे। देवताओं के आगमन से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिलेगा। तय कार्यक्रम के अनुसार शनिवार 14 फरवरी को सुबह नौ बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह 9:30 बजे देवताओं का आगमन और सुबह 10 बजे पूजन व महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया जाएगा। इसके बाद दोपहर एक बजे से चार बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।रविवार 15 फरवरी को शाम 4 बजे से 7 बजे तक रुद्राभिषेक होगा। इसके बाद रात 8 बजे आरती और रात 9 बजे भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। सोमवार 16 फरवरी को दोपहर एक बजे भंडारा, सायं चार बजे महामृत्युंजय जाप और रात्रि 10 बजे पूर्ण आहुति के साथ उत्सव का समापन किया जाएगा। वहीं, हाटकोटी मंदिर में केवल शिवरात्रि के पर्व पर ही श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध रहेगी। शाम के समय आरती का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर में विशेष साफ-सफाई शुरू कर दी गई है। शिव मंदिर प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के समस्त शिव भक्तों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचे।