चौपाल (रोहड़ू)। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की शिमला से हरिद्वार वाया चौपाल नेरवा चलने वाली बस सेवा शिमला से सुबह 4.30 बजे और नेरवा से सुबह 10:40 चलती है। एचआरटीसी प्रबंधन ने आदेश जारी करके दोपहर के भोजन के लिए कलिया नाला नामक स्थान पर ठहराव चिह्नित किया है। इस नए स्थान पर निगम की बस करीब अपराह्न 3:30 से शाम 4:00 बजे के आसपास पहुंचती है और यह समय दोपहर के भोजन के लिए बिल्कुल भी उपयुक्त नहीं है। बस में अधिकतर वरिष्ठ लोग होते हैं, जिन्हें समय पर दवाइयां लेनी होती हैं। इस स्थान तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है। ऐसे में इन सवारियों को यात्रा करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष दीपक पनाइक ने कहा कि यह एक गंभीर विषय है। इस पर निगम को समय रहते पुनर्विचार करने की जरूरत है, अन्यथा लोग अपने हितों के लिए कोई अन्य उपाय अपनाना पड़ेगा। सभी सवारियां निरंतर इसका विरोध कर रही हैं। निगम की बसों में यात्रियों की सुख सुविधाएं प्रदान करना और बेहतर सेवाएं प्रदान करना निगम का कर्तव्य है। लोगों ने शिमला-हरिद्वार वाया चौपाल नेरवा बस सेवा का ठहराव टिक्कर नाला में करने की मांग उठाई है। यहां बस लंच के समय दोपहर 1:00 से 1:30 पहुंच जाती है।