दत्तनगर में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-14 बाल वर्ग मेजर गेम्स एवं एथलेटिक्स स्पर्धा के विजेता और उ
दत्तनगर स्कूल में शिमला जिला अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, 221 खिलाड़ियों ने लिया भाग
. मुख्यातिथि पुष्पा नंद गुप्ता ने नवाजे विजेता और उपविजेता खिलाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर में तीन दिवसीय शिमला जिला स्तरीय अंडर-14 बाल वर्ग मेजर गेम्स एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में शिमला जिले के स्कूलों से 221 खिलाड़ियों ने भाग लिया। बॉक्सिंग में जीएसएसएस दत्तनगर विजेता और रोहड़ू ब्लॉक उपविजेता बना। एथलेटिक्स में रोहड़ू ब्लॉक प्रथम और जीएसएसएस जुन्गा द्वितीय रहा। बास्केटबॉल और हैंडबॉल दोनों में एसपीएस सराहन ने प्रथम स्थान हासिल किया। बास्केटबॉल में जीएसएसएस मतियाना और हैंडबॉल में जीएसएसएस दत्तनगर उपविजेता रहा। हॉकी में जीएसएसएस जुन्गा प्रथम और जीएसएसएस मतियाना द्वितीय रहा। फुटबॉल में भी जीएसएसएस जुन्गा विजेता और जीएसएसएस दत्तनगर उपविजेता रहा। समापन समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) रामपुर के प्रधानाचार्य पुष्पा नंद गुप्ता बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। विशिष्ट अतिथि के रूप में दत्तनगर स्कूल के उपप्रधानाचार्य एवं हिंदी प्रवक्ता डॉ. विनोद मेहता मौजूद रहे। डॉ. मेहता शिक्षा विभाग में 30 वर्ष की सेवाएं पूरी करने के बाद 31 अक्तूबर 2026 को सेवानिवृत्त होंगे। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से उनके प्रेरणादायी सेवाकाल और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान मुख्य अतिथि पीएन गुप्ता और प्रधानाचार्य राजेश परमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह में जीसीपीएस दत्तनगर की छात्राओं ने मनमोहक लोकनृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। मुख्य अतिथि ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य राजेश परमार ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला शिमला खेल संघ का आभार जताया।