पहाड़ी से गिरकर भेड़पालक की मौत, भेड़-बकरियां चराते समय हुआ हादसा
. लगौटी पंचायत के खलटू नाला में फिसला पैर, 57 वर्षीय लज्जे राम ने मौके पर तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)।
उपमंडल आनी की लगौटी पंचायत के खलटू नाला में पहाड़ी से गिरने के कारण एक भेड़पालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 57 वर्षीय लज्जे राम पुत्र लाल दास निवासी गांव शेरटु, डाकघर लगौटी के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार शाम करीब 4:15 बजे हुआ। लज्जे राम खलटू नाला में अपनी भेड़-बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी आनी राजीव मेहता ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।