ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। उपमंडल रामपुर के बोंडा स्थित नाग देवता के मंदिर में शतचंडी महायज्ञ वीरवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया। वीरवार को महायज्ञ में कमेटी और क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पूर्णाहुति डाली। नवरात्र के उपलक्ष्य पर शत चंडी महायज्ञ में बोंडा नाग स्वयं पाठ में बैठे। सात आचार्यों ने शतचंडी महायज्ञ को सफलतापूर्वक पूर्ण किया। मंदिर कमेटी के प्रधान नरेश लार्जू और सचिव देश आज ने बताया शतचंडी पाठ सफलतापूर्वक पूर्ण हो गए। वीरवार को करीब 12 बजे पूर्णाहुति डाली गई, जिसमें मंदिर कमेटी के सभी सदस्यों और क्षेत्र के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर पूर्णाहुति डाली और माथा टेका और प्रसाद लिया। शतचंडी महायज्ञ के समापन अवसर पर सभी क्षेत्र वासियों को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया था, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भंडारा ग्रहण किया। भंडारे के बाद नाग देवता अपने रथ में आरूढ़ हुए और सभी क्षेत्र वासियों को अपना आशीर्वाद दिया। उन्होंने बताया नौ दिनों तक चले शतचंडी महायज्ञ में को सफल करने के लिए मंदिर कमेटी के सभी सदस्यों और क्षेत्रवासियों ने पूरा सहयोग दिया।