छह पंचायतों को जोड़ने वाली सड़क पर सुरक्षा के इंतजाम न होने से लोगों में रोष
विज्ञापन
लोगों ने कहा-सामने से अचानक वाहन आने से संभलने का नहीं मिला मौका संवाद न्यूज एजेंसी चिड़गांव (रोहड़ू)। बठौलीगढ़ क्षेत्र की छह पंचायतों को जोड़ने वाली सड़क पर बडियारा पुल के पास संकरा और तीखा मोड़ वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कुछ लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद यहां न क्रैश बैरियर लगाए गए और न ही सुरक्षा दीवार का निर्माण हुआ। स्थानीय निवासी लकी ने बताया कि बडियारा पुल के पास सड़क का मोड़ काफी संकरा है। सामने से आने वाला वाहन कई बार अचानक दिखाई देता है और चालकों को वाहन संभालने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता। विशेषकर, रात को इस स्थान से गुजरना जोखिमभरा हो जाता है। सड़क के किनारे सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं, जिससे इस स्थान पर सुरक्षा इंतजाम करना बेहद जरूरी है। डिस्वानी पंचायत के प्रधान बाबूराम ने कहा कि बडियारा पुल छह पंचायतों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क पर स्थित है। सड़क पर संकरा और तीखा मोड़ होने के कारण यहां हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोग लंबे समय से इस स्थान पर सुरक्षा के उचित इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में संबंधित विभाग के समक्ष कई बार मामला उठाया गया है, लेकिन अभी तक मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। उन्होंने विभाग से लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की। जिला परिषद खशधार वार्ड के सदस्य एवं डिस्वानी पंचायत के पूर्व प्रधान धर्मेंद्र बुगवान ने कहा कि बडियारा पुल के पास सड़क की स्थिति को लेकर विभाग से कई बार बातचीत की जा चुकी है। संकरा मोड़ होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में क्रैश बैरियर या सुरक्षा दीवार का निर्माण करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सड़क पर सुरक्षा के इंतजाम किसी बड़े हादसे के बाद करने के बजाय समय रहते किए जाने चाहिए। संबंधित विभाग को इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।
एस्टीमेट तैयार, एक महीने के भीतर होगा कार्य
एसडीओ चिड़गांव विजय कुमार ने बताया कि बडियारा पुल का प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है। बजट उपलब्ध होते ही एक महीने के भीतर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।