पीजी कॉलेज रामपुर की समस्याओं को लेकर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते एसएफआई कार्यकर्ता। स्रोत : इक
. शीतकालीन अवकाश में कॉलेज की लाइब्रेरी को खुला रखें प्रशासन
. कॉलेज की समस्याओं को लेकर एसएफआई ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
. चेताया-जल्द समस्याएं नहीं सुलझीं तो इकाई करेगी आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। शीतकालीन अवकाश के दौरान रामपुर कॉलेज की लाइब्रेरी को खुला रखा जाए, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षाओं की तैयारियां करने में कोई परेशानी न हो। वहीं, रामपुर कॉलेज में लावारिस कुत्ते घूम रहे हैं, जिस कारण विद्यार्थियों और प्राध्यापक परेशान हो रहे हैं। कॉलेज की समस्याओं को लेकर एसएफआई ने प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि शीतकालीन अवकाश में महाविद्यालय की लाइब्रेरी को खोला जाए। लाइब्रेरी में हीटिंग सिस्टम स्थापित किए जाएं। बॉयज कॉमन रूम की व्यवस्था की जाए। महाविद्यालय में डेरा जमाए लावारिस कुत्तों को बाहर निकाला जाए। इकाई उपाध्यक्ष विक्रांत ने कहा कि शीतकालीन अवकाश में महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए लाइब्रेरी को खोला जाए, क्योंकि आने वाले साल में बहुत सी परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। पटवारी, सीटेट और टीजीटी के पेपर होने जा रहे हैं, इसलिए लाइब्रेरी के खुले रहने से महाविद्यालय के विद्यार्थियों को सहायता मिलेगी। इकाई सदस्य मृदुल ने कहा कि लाइब्रेरी में हीटिंग सिस्टम की व्यवस्था करने से विद्यार्थियों को सर्दी से छुटकारा मिलेगा और पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। एसएफआई ने कहा कि प्राचार्य ने आश्वासन दिया कि जल्द मांगों को पूरा किया जाएगा। वहीं, इकाई ने चेताया कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया जाएगा, तो इकाई छात्रों को लामबंद कर आंदोलन करेगी। इस अवसर पर विनायक, अर्जुन, अनुज, आदित्य, आर्यन और सुजल सहित अन्य मौजूद रहे।