. रिक्त पद भरने, पीजी में सीटें बढ़ाने, बंद विषयों में प्रवेश और बस रूट बहाल करने की रखी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
एसएफआई रामपुर इकाई ने रामपुर कॉलेज के विद्यार्थियों की शैक्षणिक और मूलभूत समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को मांगपत्र सौंपा। संगठन ने विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की मांग की। एसएफआई अध्यक्ष विक्रांत ठाकुर ने कहा कि रामपुर महाविद्यालय किन्नौर, शिमला, कुल्लू और मंडी समेत आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि प्राध्यापकों और गैर शिक्षण कर्मचारियों के कई पद रिक्त होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। संगठन ने हिस्ट्री, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, भूगोल, भौतिक विज्ञान, कंप्यूटर एप्लीकेशन, पर्यावरण विज्ञान और मनोविज्ञान सहित अन्य विषयों के रिक्त पद शीघ्र भरने की मांग की। एसएफआई ने स्नातकोत्तर और एमएससी कक्षाओं में सीटें बढ़ाने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि कई पीजी पाठ्यक्रमों में 40 और एमएससी में केवल 20 सीटें हैं, जबकि क्षेत्र में उच्च शिक्षा की मांग लगातार बढ़ रही है। इसके अलावा पुराने वाणिज्य भवन की शीघ्र मरम्मत और जीर्णोद्धार, कंप्यूटर साइंस और एमएससी भौतिक विज्ञान में प्रवेश प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की मांग की गई। इकाई ने कहा कि इन विषयों में प्रवेश बंद होने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे संस्थानों का रुख करना पड़ रहा है। एसएफआई ने एचआरटीसी के बंद बस रूट बहाल करने और बसों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि बसों के अनियमित संचालन से विद्यार्थियों की कक्षाएं प्रभावित हो रही हैं। महाविद्यालय के समय के अनुरूप बसों की समय-सारणी बनाने और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाने की मांग की गई। इकाई ने सरकार से संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर समस्याओं का जल्द समाधान करने का आग्रह किया।