छात्रा को न्याय दिलाने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर कॉलेज में वीरवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने सरकारघाट में छात्रा की हत्या के विरोध में रोष प्रदर्शन किया। एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने छात्रा को न्याय दिलाने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान छात्रा को इंसाफ दो, अन्याय बंद करो और हम क्या चाहते, इंसाफ नारे से रामपुर कॉलेज गूंज उठा। प्रदर्शन परीक्षा खत्म होने के बाद दोपहर 12:00 बजे शुरू हुआ। इस दौरान एसएफआई सचिव राहुल विद्यार्थी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं में बढ़ते नशे के प्रभाव को रोकने में असफल है। देश में महिलाओं के लिए असुरक्षित माहौल को बढ़ावा मिला है। एसएफआई छात्रा हत्याकांड की कड़ी निंदा करता है। यह केवल एक छात्रा के साथ हुआ अन्याय नहीं है, बल्कि पूरे समाज की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। यदि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ती रहेंगी। उन्होंने चेताया कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। सभी छात्र और युवाओं से अपील की कि वे अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर इस लड़ाई को मजबूत करें। इस मौके पर मीना राम, दिव्या, पूजा, मृदुल, जीवन, कारण, नेहा, रीतिका, पलक और मुस्कान सहित अन्य उपस्थित रहे।