भूख हड़ताल करते एसएफआई कार्यकर्ता: स्त्रोत इकाई
सरकार पर समस्याओं को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। एसएफआई रामपुर इकाई ने बुधवार को लंबित छात्र मांगों को लेकर 24 घंटे की भूख हड़ताल शुरू की। संगठन का आरोप है कि सरकार, उच्च शिक्षा विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी समस्याओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। एसएफआई रामपुर इकाई सचिव राहुल विद्यार्थी ने कहा कि संगठन लंबे समय से छात्रों की समस्याओं के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार और प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंपे गए हैं लेकिन आज तक किसी भी मांग पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कॉलेज में जेएमसी और कंप्यूटर साइंस जैसे महत्वपूर्ण विषय लंबे समय से बंद पड़े हैं। इससे कई विद्यार्थी अपनी पसंद के विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित हो रहे हैं। उन्हें दूसरे जिलों या निजी संस्थानों का रुख करना पड़ रहा है। एसएफआई ने इन विषयों में शीघ्र प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। संगठन ने कॉलेज के ओल्ड कॉमर्स ब्लॉक की जर्जर स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने प्रशासन से भवन की तुरंत मरम्मत कर सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने को कहा। संगठन ने रामपुर बस डिपो की बदहाल परिवहन व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त की। रामपुर डिपो की अनेक बसें समय पर नहीं चल रही हैं। कई रूट नियमित रूप से संचालित नहीं हो रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को दिक्कत पेश आ रही है। बस समय पर न आने के कारण कई छात्र कक्षाओं में नहीं पहुंच पा रहे हैं। एसएफआई ने सभी बसों का संचालन समय सारिणी के अनुसार करने और बंद पड़े रूटों को तुरंत बहाल करने की मांग की। सचिव राहुल विद्यार्थी ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो एसएफआई आंदोलन को व्यापक करेगी। उन्होंने कहा कि यह 24 घंटे की भूख हड़ताल इसी बड़े आंदोलन की शुरुआत है। संगठन छात्रों के हितों के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगा।