ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। भाजपा ने खोलीघाट पंचायत में पंचायत प्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ बैठक की। बैठक में भाजपा नेता कौल सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र की कई ज्वलंत समस्याएं उठीं। कौल सिंह ने आरोप लगाया कि ननखड़ी क्षेत्र में बिजली, स्वास्थ्य, जलशक्ति, पशुपालन और लोक निर्माण विभाग समेत कई विभागों में कर्मचारियों के पद लंबे समय से खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार इन्हें भरने में नाकाम रही है। इससे लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। खोलीघाट पीएचसी में डॉक्टर का पद खाली है और स्वास्थ्य केंद्र चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के सहारे चल रहा है। कुछ दिन पहले गाहन में हुए सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार नहीं मिल पाने के कारण शिमला रेफर करना पड़ा। उन्होंने कहा कि छोटी बीमारियों के उपचार के लिए भी लोगों को नारकंडा और रामपुर जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खड़ाहन से ननखड़ी तक एक भी फार्मासिस्ट नहीं है। इससे पशुओं के टीकाकरण समेत अन्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। वहीं, पीडब्ल्यूडी सब डिवीजन खोलीघाट में सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता के पद खाली होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ननखड़ी क्षेत्र में विद्युत बोर्ड में कनिष्ठ अभियंता का पद खाली है। करीब 35 ट्रांसफार्मरों की देखरेख के लिए एक भी टी मेट नहीं है और पूरा क्षेत्र केवल दो लाइनमैन के सहारे चल रहा है। फोरमैन का पद भी खाली है। उन्होंने कहा कि कंट्रोल पॉइंट खड़ाहन में भी केवल एक कर्मचारी तैनात है, जिससे बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल शक्ति विभाग में भी ननखड़ी की सभी पंचायतों के लिए केवल एक कनिष्ठ अभियंता पर पूरे क्षेत्र का जिम्मा है। उन्होंने सड़कों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। विशेष रूप से पीएमजीएसवाई के तहत रैइबहाली-खुन्नी पनोली सड़क पर हो रही टारिंग की गुणवत्ता की जांच की मांग की। कौल सिंह नेगी ने कहा कि सरकार के पास सड़कों के गड्ढे भरने तक के लिए पर्याप्त बजट नहीं है और क्षेत्र में चल रहे कई सड़क कार्य केंद्र की पीएमजीएसवाई योजना के तहत हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभागों में खाली पद जल्द नहीं भरे गए और सड़क कार्यों की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा जनता को साथ लेकर आंदोलन करेगी। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य रानू खूंद, प्रधान खोलीघाट टेक चंद, पूर्व उपप्रधान अनिता सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।