वन विभाग की ओर से रामपुर वन मंडल में वन-नियुक्त वन मित्रों के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर मौजूद
नोगली में सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, अधिकारियों ने पढ़ाया जिम्मेदारियों का पाठ
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर वन मंडल में वन मित्रों के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर बुधवार को संपन्न हो गया है। वन विश्राम गृह नोगली में आयोजित शिविर में अधिकारियों ने वन मित्रों को वनों की रक्षा और वन्य जीवों के संरक्षण पर प्रशिक्षित किया। अधिकारियों ने वन मित्रों को उनकी जिम्मेदारियों का पाठ पढ़ाया। नर्सरी प्रबंधन, पौधरोपण, रिकॉर्ड के रखरखाव जैसी व्यावहारिक गतिविधियां और वनीकरण तकनीकों की जानकारी दी गई। सहभागी वन प्रबंधन पर बल दिया गया, जिसमें संयुक्त वन प्रबंधन समितियों और सामुदायिक भागीदारी के महत्व को समझाया गया। सहायक अरण्यपाल रामपुर तेज सिंह ने कहा कि वन मित्र राज्य में वन संसाधनों की रक्षा और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह से तैयार है। यह पहल विभाग की इस प्रतिबद्धता का दर्शाती है कि वह अग्रिम पंक्ति के वन कर्मियों को आवश्यक ज्ञान और उपकरणों से सशक्त बना रहा है, ताकि वे राज्य की समृद्ध वन विरासत की सुरक्षा कर सकें।