निरमंड (कुल्लू)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निरमंड में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू हो गया। शिविर का शुभारंभ शिशवी पंचायत प्रधान संतोष स्वामी ने दीप प्रज्वलित करके किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बबिता कश्यप ने बताया कि सात दिवसीय यह विशेष शिविर 28 सितंबर से 4 अक्तूबर तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से एनएसएस स्वयंसेवी न केवल स्वच्छता एवं समाजसेवा का संदेश देंगे, बल्कि अपने व्यावहारिक अनुभवों और बौद्धिक सत्रों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का भी विकास करेंगे। सात दिनों तक चलने वाले इस विशेष शिविर में स्वयंसेवी प्रतिदिन विभिन्न स्थानों पर जाकर स्वच्छता एवं श्रमदान से जुड़े कार्य करेंगे। स्वयंसेवियों द्वारा नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने सहित विभिन्न सामाजिक एवं सामुदायिक कार्य किए जाएंगे। शिविर के दौरान स्वयंसेवियों के लिए प्रतिदिन शाम को बौद्धिक सत्र का भी आयोजन किया जाएगा। इन सत्रों में विभिन्न विभागों एवं क्षेत्रों से विशेषज्ञ वक्ता पहुंचकर विद्यार्थियों को सामाजिक जागरूकता, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, कर्तव्य एवं विभिन्न विषयों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेंगे। शिविर के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि संतोष स्वामी ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए एनएसएस की गतिविधियों की सराहना की और विद्यार्थियों को समाजसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य जनकेश ने भी स्वयंसेवियों को आशीर्वचन देते हुए उन्हें शिविर के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा पूरे उत्साह और समर्पण के साथ सभी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर एसएमसी अध्यक्ष घनश्याम चड्ढा, राजेंद्र, श्याम स्वरूप सहित अन्य मौजूद रहे।