सराहन में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराहन बुशहर में सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर का समापन हो गया। समापन अवसर पर छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश कर खूब मनोरंजन किया। इस दौरान छात्रों ने किन्नौरी, पहाड़ी और पंजाबी गीतों से देर शाम तक सभी स्वयंसेवियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। समापन अवसर पर सेवानिवृत्त प्रवक्ता जीव विज्ञान कमला नंद ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी दिनेश कुमार ने सात दिवसीय शिविर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वयंसेवियों ने गोद लिए गांव की सड़कें, बावड़ियां और स्कूल परिसर में सफाई अभियान चलाया। मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवी छात्रों से समाज सेवा में रुचि और मोबाइल रूपी नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि एनएसएस विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। इस अवसर पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य भावना कंवर, स्कूल प्रवक्ता अमर सिंह, ईश्वर ठाकुर, डीडी नेगी, राजन नेगी, नरेश ठाकुर सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहे।