कटगांव में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर (किन्नौर)। किन्नौर जिले की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कटगांव में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय शिविर रविवार को संपन्न हुआ। इस शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने सामाजिक जागरूकता के विभिन्न अभियान चलाए, वहीं उन्होंने रोलर स्केटिंग और बास्केटबाल का प्रशिक्षण भी हासिल किया। कटगांव स्कूल में एनएसएस का सात दिवसीय शिविर 18 से 24 नवंबर तक आयोजित हुआ। इस शिविर में स्कूल के 26 स्वयंसेवियों ने भाग लिया। शिविर के समापन समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी के प्रधानाचार्य कृष्ण गोपाल बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। उन्होंने शिविर में भाग ले रहे स्वयंसेवियों को एनएसएस के जीवन में महत्व और सामाजिक उत्थान में इसके लाभ बताए। इस सात दिवसीय शिविर के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयं सेवियों को कृषि बागबानी जागरुकता, पशु स्वास्थ्य, वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव को लेकर जागरूक किया गया। भावा वैली विकास संस्था ने स्वयंसेवियों को रोलर स्केटिंग और बास्केटबाल का प्रशिक्षण दिया। शिविर का आयोजन एनएसएस प्रभारी सुनील नेगी की देखरेख में हुआ। उन्होंने बताया कि इस शिविर को सफल बनाने में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कटगांव के प्रधानाचार्य सहित सभी अध्यापक और अध्यापिकाओं का विशेष सहयोग रहा।