सांगला (किन्नौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सांगला में एनएसएस का सात दिवसीय शिविर संपन्न हो गया। समापन पर प्रधानाचार्य बलविंद्र नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम अधिकारी निशा नेगी और नवजीवन नेगी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। स्वयंसेवियों ने सर्वप्रथम मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम अधिकारी निशा नेगी ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवियों को शिविर के दौरान मिले अनुभवों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। नवजीवन नेगी और निशा नेगी ने बताया कि सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने सामुदायिक केंद्र सांगला, कामरू गांव, आस्तांगचे मंदिर, पुलिस थाना, तहसील, बस अड्डे और विद्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया। शिविर के समापन पर स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। स्वयंसेवियों ने एनएसएस गीत कदम-कदम पर बढ़ते जाओ समूहगान पेश किया। कामना नेगी और रानू ने देशभक्ति गीत और नृत्य पेश किया। सोनी, लक्ष्मी, नेहा, स्नेहा और साक्षी ने नृत्य पेश किए। अंत में स्वयंसेवियों ने किन्नौरी लोकनृत्य पेश कर समां बांधा। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
सांगला में एनएसएस शिविर के समापन पर किन्नौर नृत्य पेश करते स्वयं सेवी। स्रोत : स्कूल प्रबंधन