आनी स्कूल में एनएसएस शिविर के समापन पर आपदा प्रभावितों को सहायता राशि सौंपते हुए। संवाद
आनी स्कूल में सात दिवसीय शिविर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न
आनी(कुल्लू)। पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय आवासीय शिविर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया। शिविर के दौरान एनएसएस यूनिट ने कार्यक्रम अधिकारी कुंदन शर्मा और रेखा ठाकुर के नेतृत्व में पटारना गांव में बरसात के दौरान आपदा प्रभावित कृष्ण चंद और जय सिंह को 25 हजार रुपये की धनराशि भेंट की। मुख्य अतिथि सुरजीत सिंह एवं विशिष्ट अतिथि रमेश गुप्ता ने भी प्रभावितों को कंबल और धनराशि भेंट की। समापन अवसर पर समाजसेवी साहिल ज्वेलर के मालिक सुरजीत चौहान बतौर मुख्य अतिथि और समाज सेवी रमेश गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप वंदना से हुआ। कार्यक्रम अधिकारी कुंदन शर्मा ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का औपचारिक अभिनंदन किया। शिविर में कुल 53 स्वयंसेवियों ने भाग लिया। इन्हें पांच समूहों में बांटकर एक निश्चित समयसारिणी के अनुसार सभी निर्धारित गतिविधियां संपन्न करवाई गईं। कार्यक्रम में छात्रा आरती ने सात दिवसीय रिपोर्ट प्रस्तुत की। तान्या और अर्जुन ने मंच संचालन किया । कार्यक्रम में स्वयंसेवियों ने एनएसएस गीत, नाटी और एकल गान से समां बांधा। कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया । प्रधानाचार्य नरेश ठाकुर ने स्वयंसेवियों की ओर से शिविर के दौरान किए गए कार्यों की प्रशंसा की। इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष खेम चंद ठाकुर, सदस्य पप्पू, अधीक्षक दिग्विजय चौहान ,प्रवक्ता डोला राम शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।