धार्मिक आयोजन की तैयारियों को लेकर कुंगश महादेव मंदिर में बैठक आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)।
आनी क्षेत्र के प्रसिद्ध पनेऊ नाग मंदिर में 12 से 19 नवंबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन की तैयारियों को लेकर कुंगश महादेव मंदिर में एक बैठक हुई। इसमें चार पंचायतों के लोगों और देवताओं से जुड़े कारकूनों ने भाग लिया। बैठक में कथा के सफल आयोजन की आगामी रूपरेखा पर चर्चा की गई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कारदार माल सिंह ठाकुर ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए पनेऊ मंदिर में एक बड़ी बैठक होगी। यह बैठक आगामी संक्रांति को आयोजित की जाएगी। इसमें पंचायत कुंगश, कराणा, कराणा-1 और बिनन सहित समस्त गढ़ क्षेत्र की पंचायतों के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। रूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि देवता कुंगशी महादेव और पनेऊई नाग जी की असीम कृपा से यह आयोजन निश्चित हुआ है। उन्होंने समस्त गढ़वासियों और श्रद्धालुओं से इस पावन धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने के लिए सहयोग का आह्वान किया। आयोजन के लिए आर्थिक सहयोग के साथ-साथ शारीरिक श्रमदान की भी आवश्यकता रहेगी। इसकी जानकारी श्रद्धालुओं को समय-समय पर दी जाती रहेगी। आगामी संक्रांति को पनेऊ में होने वाली बैठक में आयोजन से संबंधित विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा। इन समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।