विकास की बात : टीम ने शिमला से पहुंचकर टिक्कर-खामाड़ी सड़क के कार्य का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर)।
ननखड़ी में टिक्कर-जरोल-खामाड़ी सड़क के विस्तार के लिए केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि के तहत 35.93 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त जारी हुई है। इसके लिए हिमाचल प्रदेश के सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक नंद लाल ने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। यह सड़क वर्षों से स्थानीय जनता की प्रमुख मांग रही है। इस सड़क के सुधार से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा। इससे बागवानी, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को लाभ मिलेगा। लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों की एक टीम ने शिमला से पहुंचकर टिक्कर-खामाड़ी सड़क के विकास कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने ननखड़ी के लोक निर्माण विभाग अधिकारियों को निर्माण कार्य पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। ठेकेदार को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य करने के आदेश दिए गए। सड़क निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के सख्त आदेश दिए गए। आने वाले दिनों में क्षेत्र में सेब का मौसम शुरू होने वाला है। इसे देखते हुए प्रशासन और विभाग को विशेष निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों का उद्देश्य बागवानों को अपनी फसल मंडी तक पहुंचाने में मदद करना है। साथ ही, आम जनता की आवाजाही भी सुचारू रखना है। सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के हजारों लोगों के जीवन में बदलाव लाएगी।