कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई में एसडीएम कार्यालय परिसर में वाहनों को पार्क करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके लिए एसडीएम अभिषेक बरवाल ने सख्त आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार अब कार्यालय परिसर में निर्धारित पार्किंग स्थल के अतिरिक्त किसी भी स्थान पर वाहन पार्क नहीं होंगे। यह निर्णय कार्यालय परिसर में वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित करने, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और आपातकालीन में मार्ग पर कोई बाधा न बने, इससे बचने के उद्देश्य से लिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया है कि एसडीएम कार्यालय के क्षेत्र और किसी भी अनधिकृत स्थान पर वाहन खड़े करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, थाना प्रभारी कोटखाई को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यालय परिसर में खड़े सभी वाहनों को अन्य निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और सभी कर्मचारियों एवं संबंधित पक्षों को इसका सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।