फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: संयुक्त दल परियोजना प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर बनाएगा रिपोर्ट

विज्ञापन
रामपुर के 15/20 क्षेत्र स्थित कूट परियोजना के प्रभावित परिवारों के साथ बैठक करते एसडीएम हर्ष अम
विज्ञापन
कूट एनर्जी परियोजना प्रभावितों के साथ एसडीएम ने की बैठक
विज्ञापन

कहा-दल फरवरी के प्रथम सप्ताह करेगा दौरा, 21 तक देगा रिपोर्ट

संवाद न्यूज एजेंसी

रामपुर बुशहर।
उपमंडल रामपुर के दुर्गम क्षेत्र 15/20 की कूट एनर्जी परियोजना प्रभावितों की शुक्रवार को उपमंडल कार्यालय रामपुर में बैठक हुई। अध्यक्षता एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने की। परियोजना प्रभावितों ने परियोजना में रोजगार और देय लंबित राशि जल्द जारी करने की मांग उठाई। बैठक में परियोजना से संबंधित लॉस एवं डैमेज (फसलें, मकान, जल स्रोत और सड़कें) शेष 30 प्रतिशत भुगतान और रोजगार अथवा मुआवजे से जुड़े मामलों के आकलन को लेकर चर्चा हुई। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि उपायुक्त शिमला के आदेशों के अनुपालन में तहसीलदार रामपुर की अध्यक्षता में एक संयुक्त निरीक्षण दल का गठन किया गया है। यह दल परियोजना प्रभावित क्षेत्र में फसलों, मकानों, जलस्रोत और सड़कों को हुई क्षति का संयुक्त निरीक्षण करेगा और क्षति की रिपोर्ट तैयार करेगा। इस दल में राजस्व, लोक निर्माण, जल शक्ति, कृषि और बागवानी विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ परियोजना प्रभावित परिवारों के प्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे। यह दल फरवरी के प्रथम सप्ताह में प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगा और निरीक्षण के बाद 21 फरवरी तक रिपोर्ट सौंपेगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक अभिलेख एवं दस्तावेज समय पर उपलब्ध करवाए जाएं। बैठक में प्रभावित परिवारों के प्रतिनिधियों ने मांग रखी कि उनका बकाया शेष 30 प्रतिशत भुगतान शीघ्र जारी किया जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने यह भी मांग उठाई कि कंपनी में पूर्व में जिन प्रभावितों को रोजगार देकर हटा दिया गया था, उन्हें पुन: रोजगार उपलब्ध करवाया जाए। इस अवसर पर एसएमएस कृषि करण एस गुलेरिया, एचडीओ बागवानी प्रवीण मेहता, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग रमन गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग लोकेंद्र सहित परियोजना प्रभावित परिवारों के प्रतिनिधि अशोक कुमार, विनोद कुमार, धर्म सैन, बहादुर दास, टिक्कम, कृष्ण किशोर, नंद लाल मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें